जोधपुर/पुणे।
रेल मंत्रालय द्वारा जोधपुर और हडपसर (पुणे) के बीच एक नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा को मंजूरी दी गई है, जिससे राजस्थान और महाराष्ट्र के बीच आवागमन और अधिक सुलभ एवं सुविधाजनक होगा। यह ट्रेन 20495/96 जोधपुर–हडपसर एक्सप्रेस के रूप में प्रतिदिन संचालित होगी। ट्रेन जोधपुर से रात 10 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 5:20 बजे हडपसर (पुणे) पहुंचेगी, जबकि वापसी में हडपसर से शाम 7:15 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 2:50 बजे जोधपुर पहुंचेगी।
इस बहुप्रतीक्षित निर्णय की सूचना मिलते ही राजस्थान और महाराष्ट्र के नागरिकों में हर्ष की लहर दौड़ गई।
इस महत्वपूर्ण पहल के लिए श्री प्रकाश एस. बाफना जी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, जैन सामाजिक-आर्थिक विकास महामंडल, भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, एवं उपाध्यक्ष, जैन प्रकोष्ठ, भाजपा महाराष्ट्र राज्य) ने माननीय केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी तथा केंद्रीय राज्य मंत्री, नागरिक उड्डयन एवं सहकारिता मंत्रालय, श्री मुरलीधर मोहोळ जी का हृदयपूर्वक आभार व्यक्त किया।
श्री बाफना जी ने समस्त जैन समाज और राजस्थान-महाराष्ट्र स्थित नागरिकों की ओर से इस नई सेवा के लिए एक औपचारिक धन्यवाद पत्र भी भेजा। उन्होंने इसे राजस्थान-महाराष्ट्र के बीच सामाजिक, धार्मिक, व्यावसायिक और पारिवारिक संबंधों को सशक्त करने वाली एक दूरदर्शी योजना बताया।
उन्होंने कहा, “यह केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि दो समृद्ध संस्कृतियों के बीच एक मजबूत सेतु है, जो लाखों यात्रियों के लिए समय और संसाधन दोनों की बचत सुनिश्चित करेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण को यह सेवा निश्चित रूप से नई गति देगी।”
पुणे एवं महाराष्ट्र में बसे समस्त राजस्थानी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और प्रवासी समुदाय ने सरकार के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। वर्षों से चली आ रही इस ट्रेन की मांग को साकार करने में महाराष्ट्र स्थित राजस्थानी व्यापारियों की भूमिका निर्णायक रही।